कानपुर। कल्याणपुर क्षेत्र स्थित मैक्स बिल्डिंग में आग लगने की घटना में बिल्डिंग के थर्ड फ्लोर पर कुछ लोग फंस गए थे। घटना की सूचना मिलते ही अखिल भारत हिन्दू महासभा उत्तर प्रदेश के प्रदेश संगठन मंत्री राजकुमार सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और फायर टीम के साथ मिलकर राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। फंसे हुए लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए पीछे के रास्ते से अंदर पहुंचने का प्रयास किया जा रहा था। इसी दौरान दरवाजा तोड़कर अंदर जाने के प्रयास में राजकुमार सिंह जी अचानक लगभग 10 फीट गहरे गड्ढे में गिर गए, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं और वे मौके पर ही अचेत हो गए।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए शिव कुमार पैंथर जी एवं उनकी टीम ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य करते हुए राजकुमार सिंह को गड्ढे से बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों द्वारा उनका उपचार किया गया। वर्तमान में उनकी स्थिति ठीक बताई जा रही है। वहीं, फायर टीम एवं अन्य राहतकर्मियों के प्रयास से बिल्डिंग में फंसे सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। अखिल भारत हिन्दू महासभा उत्तर प्रदेश ने इस घटना में राहत एवं बचाव कार्य में लगे फायरकर्मियों, पुलिस प्रशासन तथा सभी सहयोगी लोगों के प्रयासों की सराहना की है।
प्रदेश संगठन मंत्री राजकुमार सिंह द्वारा अपनी सुरक्षा की परवाह किए बिना फंसे लोगों को बचाने के लिए रेस्क्यू अभियान में सहयोग करना मानव सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी का उदाहरण है। अखिल भारत हिन्दू महासभा उत्तर प्रदेश राजकुमार सिंह जी के शीघ्र पूर्ण स्वस्थ होने की कामना करती है।
