विधायक आवास पर देर रात तक गूंजे राधा-कृष्ण के भजन

0Shares

बैतालपुर (देवरिया)। राधा अष्टमी के पावन पर्व पर शनिवार को देवरिया सदर विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी के पूर्वा मेहड़ा स्थित आवास पर देर रात तक भजन-कीर्तन का आयोजन हुआ। राधा-कृष्ण की भक्ति में डूबे श्रद्धालु भजनों की धुन पर झूमते और तालियां बजाते नजर आए। राधारानी और भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठा।
भजन संध्या की शुरुआत राधारानी और भगवान श्रीकृष्ण के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलन से हुई। इसके बाद स्थानीय गायकों और श्रद्धालुओं ने राधा-कृष्ण की भक्ति से जुड़े भजन प्रस्तुत किए। ‘राधे-राधे जपो चले आएंगे बिहारी’ और ‘किशोरी कुछ ऐसा इंतजाम हो जाए’ जैसे भजनों पर श्रद्धालु भावविभोर होकर झूमने लगे।
कार्यक्रम में स्थानीय लोगों के साथ बड़ी संख्या में महिलाएं और युवा शामिल हुए। भजनों के बीच तालियों की गूंज और राधारानी-श्रीकृष्ण के जयकारों से माहौल भक्तिमय बना रहा। उपस्थित लोगों ने राधा अष्टमी के धार्मिक महत्व पर चर्चा करते हुए प्रेम, सद्भाव और भक्ति के संदेश को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
अंत में महाआरती हुई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। आरती के बाद प्रसाद वितरित किया गया। आयोजन में स्थानीय कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं ने व्यवस्थाओं में सहयोग किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *