रुद्रपुर (देवरिया)। विवाहिता की मृत्यु के मामले में वांछित सास-ससुर को रुद्रपुर पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को उनके घर के पास से मुखबिर की सूचना पर सुबह करीब 10:45 बजे पकड़ा गया।
पुलिस के अनुसार, मामले में 14 सितंबर को थाना रुद्रपुर में अनिल सैनी व उनकी पत्नी रागिनी देवी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया था। दोनों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम प्रयासरत थी। सोमवार को सूचना मिलने पर पुलिस ने शिवाला वार्ड निवासी अनिल सैनी (40) और रागिनी देवी (38) को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के विरुद्ध धारा 80(2), 85 बीएनएस व 3/4 डीपी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक बालगंगाधर शुक्ला, कांस्टेबल राजेश यादव तथा महिला कांस्टेबल कंचन यादव, अंशिका यादव और अर्चना यादव शामिल रहीं।
