बघौचघाट (देवरिया)। सेवा संकल्प अभियान के तहत सोमवार को विकास खंड पथरदेवा के उच्च प्राथमिक विद्यालय बघौचघाट में चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित हुई। ‘विकसित भारत’ विषय पर विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशीलता और वैज्ञानिक सोच को रंगों के माध्यम से कागज पर उकेरा। चंद्रयान और विज्ञान-तकनीक से जुड़े चित्रों ने विशेष रूप से लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
प्रतियोगिता में कक्षा आठ के सिराजुद्दीन अंसारी ने प्रथम, कक्षा छह की ज्योति कुमारी ने द्वितीय तथा कक्षा सात की सीता और गुड़िया ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। कक्षा सात की अंगिरा चौथे और कक्षा छह के आजाद पांचवें स्थान पर रहे। चयनित विद्यार्थियों को कॉपी, पेन, पेंसिल और ज्योमेट्री बॉक्स देकर पुरस्कृत किया गया।
प्रतियोगिता प्रभारी प्रधानाचार्य असरफ अली समेत विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं की देखरेख में हुई। इसमें सफीक अहमद, नरेंद्र सिंह, वीरेंद्र मिश्र, हीना वारसी, रोशन आरा खातून, अनुराधा मद्धेशिया, सत्येंद्र यादव, ध्रुव देव शाही, अवनीश पाठक और अरविंद राय ने सहयोग किया। इसी क्रम में पथरदेवा के पीएमश्री विद्यालय, उच्च प्राथमिक विद्यालय पकहा गढ़, घुड़ीपुर कुंड कला, बंजरिया बाजार और बघौचघाट समेत क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में भी विकसित भारत चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई।
