देवरिया। मिशन शक्ति फेज-5.0 के द्वितीय चरण के तहत सोमवार को जिले के सभी थानों की मिशन शक्ति और एंटी रोमियो टीमों ने जागरूकता अभियान चलाया। टीमों ने सार्वजनिक स्थानों, धार्मिक स्थलों और शिक्षण संस्थानों में महिलाओं व बालिकाओं को पंपलेट वितरित कर सुरक्षा, स्वावलंबन और महिला सशक्तीकरण के प्रति जागरूक किया।
पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देशन में खामपार, श्रीरामपुर और बरहज समेत विभिन्न थाना क्षेत्रों में अभियान चलाया गया। खामपार की टीम ने ग्राम खामपार, श्रीरामपुर की टीम ने श्रीरामपुर मठिया तथा बरहज की टीम ने श्री नीलकंठ इंटर कॉलेज बारादीक्षित में महिलाओं, छात्राओं और बालिकाओं को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।
इस दौरान डायल-112, महिला हेल्पलाइन-181, वूमेन पावर लाइन-1090, चाइल्ड हेल्पलाइन-1098, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1076, स्वास्थ्य सेवा-102, एंबुलेंस-108 और साइबर हेल्पलाइन-1930 समेत विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। पुलिस टीमों ने महिलाओं और बालिकाओं को किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल संबंधित हेल्पलाइन या पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया।
