देवरिया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. राम जियावन मौर्य ने सोमवार को प्राथमिक विद्यालय गुरु गोविंद सिंह नगर और कंपोजिट विद्यालय नेहरू का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान विद्यालयों में शैक्षिक व्यवस्था, विद्यार्थियों की उपस्थिति और मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया।
प्राथमिक विद्यालय गुरु गोविंद सिंह नगर में 64 नामांकित बच्चों के सापेक्ष 47 उपस्थित मिले। दोनों शिक्षक विद्यालय में उपस्थित थे। ऑपरेशन कायाकल्प के तहत कक्षों में टाइल्स, रंगाई-पुताई, शौचालय, पेयजल, विद्युत, पंखे और किचन शेड आदि व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलीं। अधिकांश बच्चे यूनिफॉर्म, जूते-मोजे में उपस्थित थे और सभी को पाठ्य-पुस्तकें उपलब्ध थीं। कक्षा में शिक्षण कार्य चलता मिला। विद्यालय पिछले वर्ष निपुण घोषित हो चुका है।
आंगनबाड़ी केंद्र में 41 बच्चों के सापेक्ष सात बच्चे उपस्थित मिले। विद्यालय में मध्यान्ह भोजन के लिए तहरी तैयार की जा रही थी और दूध भी उपलब्ध मिला। बीएसए ने विद्यालय के कक्षों को व्यवस्थित रखने और परिसर में छायादार पौधे लगाने के निर्देश दिए।
इसके बाद कंपोजिट विद्यालय नेहरू का निरीक्षण किया गया। यहां 100 नामांकित बच्चों में 47 उपस्थित मिले। बीएसए ने इंचार्ज प्रधानाध्यापक क्षमा सिंह और सहायक अध्यापिका सुप्रिया को नामांकन बढ़ाने तथा बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालय परिसर में फूल-पौधे और छायादार वृक्ष लगाने को भी कहा।
बीएसए डॉ. राम जियावन मौर्य ने कहा कि बच्चों की नियमित उपस्थिति, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण और बेहतर शैक्षिक वातावरण विभाग की प्राथमिकता है। शिक्षकों को प्रत्येक बच्चे के अधिगम स्तर में निरंतर सुधार के लिए गंभीरता से कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।
