राजकुमारी हृदय नारायण सिंह पैलेस में 177 हिंदू जोड़ों का विवाह और 12 मुस्लिम जोड़ों का संपन्न हुआ निकाह।
लार (देवरिया)। समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत सोमवार को लार रोड स्थित राजकुमारी हृदय नारायण सिंह पैलेस में भव्य वैवाहिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। समारोह में कुल 189 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया, जिसमें वैदिक मंत्रोच्चार के बीच 177 हिंदू जोड़े परिणय सूत्र में बंधे और 12 मुस्लिम जोड़ों का निकाह कराया गया। मुख्य विकास अधिकारी (CDO) राजेश कुमार सिंह, राज्यमंत्री प्रतिनिधि राम मनोहर, सलेमपुर सांसद प्रतिनिधि रामप्रकाश और ब्लॉक प्रमुख लार सहित अन्य जनप्रतिनिधियों व गणमान्य नागरिकों ने नवविवाहित जोड़ों को सुखमय दांपत्य जीवन का आशीर्वाद दिया।
हर जोड़े पर एक लाख रुपये खर्च करने का है प्रावधान
जिला समाज कल्याण अधिकारी सुधीर पाण्डेय ने बताया कि योजना के तहत प्रत्येक जोड़े पर कुल एक लाख रुपये व्यय किए जाने का शासकीय प्रावधान है। इसके अंतर्गत विवाहित कन्या के बैंक खाते में 64 हजार रुपये की धनराशि भेजी जाती है, जबकि 21 हजार रुपये की उपहार सामग्री (जैसे बर्तन, कपड़े आदि) और 15 हजार रुपये आयोजन व्यवस्था पर व्यय किए जाते हैं। उन्होंने जानकारी दी कि इस श्रृंखला का अगला सामूहिक विवाह कार्यक्रम आगामी 15 अक्टूबर 2026 को राजकीय आई.टी.आई. देवरिया के प्रांगण में आयोजित किया जाना प्रस्तावित है।
