साइबर सुरक्षा अब केवल तकनीकी नहीं, बल्कि प्रत्येक परिवार और नागरिक से जुड़ा विषय: डॉ.विजयपाल नैन

0Shares

सोनीपत। पूर्ण मूर्ति विद्यापीठ में ‘साइबर सिक्योरिटी इन एआई एरा’ विषय पर ज्ञानवर्धक सेमिनार का आयोजन किया गया। सेमिनार का उद्देश्य विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के बढ़ते प्रभाव के बीच साइबर सुरक्षा के महत्व, डिजिटल दुनिया में मौजूद खतरों और सुरक्षित इंटरनेट उपयोग के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम में इंजीनियरिंग, बीसीए और पॉलिटेक्निक के विद्यार्थियों को तकनीक का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने तथा जागरूक डिजिटल नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया गया। संस्थान के चेयरमैन डॉ.विजयपाल नैन ने सचिव गौतम नैन, कोषाध्यक्ष भोपाल सिंह, प्रबंध निदेशक कपिल भाटिया, एमडी इंजीनियर संघदीप शाक्य, डायरेक्टर एकेडेमिक्स डॉ. स्वीटी, कैंपस डायरेक्टर कुलदीप, रजिस्ट्रार कंवलजीत सिंह संधू और मुख्य वक्ता एवं कंप्यूटर साइंस विभाग की असिस्टेंट प्रोफेसर सोनिया दहिया के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर सेमिनार का शुभारंभ किया। इस अवसर पर डॉ. विजयपाल नैन ने साइबर सुरक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वर्तमान समय में साइबर सुरक्षा केवल तकनीकी विशेषज्ञों तक सीमित विषय नहीं रह गया है, बल्कि यह प्रत्येक परिवार और नागरिक के जीवन से जुड़ा महत्वपूर्ण मुद्दा बन चुका है। डिजिटल सेवाओं, ऑनलाइन लेन-देन और सोशल मीडिया के बढ़ते उपयोग के साथ साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहना पहले से कहीं अधिक आवश्यक हो गया है। उन्होंने कहा कि कई बार तकनीकी रूप से जानकार व्यक्ति भी साइबर अपराधियों के जाल में फंस जाते हैं। ऐसे में प्रत्येक नागरिक को साइबर अपराध के तरीकों और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी होना बेहद जरूरी है। सोनिया दहिया ने कहा कि तकनीक के इस बदलते दौर में जागरूकता, सतर्कता और जिम्मेदार डिजिटल व्यवहार बेहद आवश्यक हैं। सुरक्षित इंटरनेट उपयोग की आदतें अपनाकर और साइबर सुरक्षा के बुनियादी नियमों का पालन करके साइबर अपराधों के जोखिम को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *