सोनीपत। दशहरा पर्व से पूर्व शहर में रामभक्ति और हनुमान भक्ति का उत्साह देखने को मिला। हनुमत स्वरूप धारण करने वाले युवाओं ने भगवान श्रीराम और हनुमान जी की धुन पर जमकर नृत्य किया। राम मंदिर मोहल्ला कोट ,कृष्ण मंदिर कृष्णापुर तथा राधा-कृष्ण मंदिर नंदवानी नगर में हनुमत स्वरूप धारण करने वाले युवाओं का विशेष शृंगार किया गया और धार्मिक कार्यक्रम की तैयारियों के तहत रिहर्सल की गई। इस दौरान पूरा वातावरण रामधुन और जय श्रीराम के जयघोष से भक्तिमय हो उठा। कार्यक्रम में सोनीपत नगर निगम के मेयर राजीव जैन ने पहुंचकर हनुमत स्वरूप धारण करने वाले युवाओं का आशीर्वाद लिया और उनके साथ नृत्य कर श्रद्धा एवं उत्साह के इस आयोजन में सहभागिता की। उन्होंने युवाओं की भक्ति और धार्मिक परंपराओं के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन हमारी संस्कृति, आस्था और सामाजिक एकता को मजबूत करने का कार्य करते हैं।
