देवरिया। डिजिटल युग में बढ़ते ऑनलाइन फ्रॉड को रोकने और युवाओं को सुरक्षित इंटरनेट के प्रति जागरूक करने के लिए देवरिया पुलिस ने कमर कस ली है। पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देशन में बुधवार को साइबर थाने की पुलिस टीम ने राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) देवरिया में एक विशेष साइबर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। इस दौरान उपनिरीक्षक शिवांग तोमर और जयप्रकाश दूबे सहित साइबर टीम ने छात्र-छात्राओं तथा कॉलेज स्टाफ को ऑनलाइन ठगी, फिशिंग, हैकिंग, साइबर बुलिंग और फर्जी कॉल से बचाव की विस्तृत जानकारी दी।
पुलिस टीम ने अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति अनजाने में साइबर धोखाधड़ी का शिकार हो जाता है, तो वह घबराए बिना तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करे या आधिकारिक वेबसाइट www.cybercrime.gov.in पर अपनी शिकायत दर्ज कराए। समय पर दी गई सूचना से ठगी गई रकम वापस मिलने की संभावना बढ़ जाती है। कार्यक्रम में कंप्यूटर ऑपरेटर शिव मंगल, महिला हेड कांस्टेबल विजय लक्ष्मी शर्मा और महिला कांस्टेबल पूर्णिमा चौधरी मुख्य रूप से मौजूद रहीं।
