मईल (देवरिया)। मईल थाना क्षेत्र के बढ़या हरदो के समीप मंगलवार की आधी रात को दो युवकों की चाकू से गोदकर हत्या किए जाने के मामले में बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचते ही परिजनों का आक्रोश फूट पड़ा। आक्रोशित परिजन शव लेकर धरने पर बैठ गए। उन्होंने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को मौके पर बुलाने तथा हत्यारोपितों की गिरफ्तारी होने तक अंतिम संस्कार नहीं करने की मांग की। धरने में सपा नेत्री एवं समाजसेवी रंजना भारती भी शामिल हुईं।
मईल थाना क्षेत्र के ईटहुरा हजाम निवासी विनय यादव और करजहां निवासी वकील यादव मंगलवार रात करीब 10 बजे एक ही बाइक से मेला देखने के लिए घर से निकले थे। देर रात घर लौटते समय रामजानकी मार्ग पर बढ़या हरदो के समीप अज्ञात हमलावरों ने दोनों युवकों पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में दोनों की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने रात में ही घटनास्थल का निरीक्षण किया था। मामले के पर्दाफाश के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गई हैं।
बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। इसके बाद परिवार के लोग शव लेकर धरने पर बैठ गए। सपा नेत्री रंजना भारती ने भी परिजनों के साथ धरने में शामिल होकर न्याय दिलाने और आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।
परिजनों का कहना है कि जब तक जिलाधिकारी मौके पर नहीं आएंगे और दोनों युवकों के हत्यारोपितों की गिरफ्तारी नहीं होगी, तब तक शवों का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा। दोहरे हत्याकांड से क्षेत्र में शोक के साथ आक्रोश का माहौल है। वहीं, पुलिस हत्या के कारणों का पता लगाने और हमलावरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
