गौ-पूजन के साथ पशु आरोग्य मेले का शुभारंभ 299 पशुओं का हुआ निःशुल्क उपचार

0Shares

लार (देवरिया)। विकासखंड लार के ग्राम कौसड़ में बुधवार को पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. अमित कुमार सिंह के नेतृत्व में पंडित दीनदयाल उपाध्याय पशु आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि किसान मोर्चा के मंडल अध्यक्ष सत्य प्रकाश सिंह और ग्राम प्रधान ने गौ-पूजन कर मेले का शुभारंभ किया।
मेले में पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामश्याम सिंह ने पशुपालकों को विभागीय योजनाओं, टीकाकरण, कृत्रिम गर्भाधान, पशुधन बीमा और सहभागिता योजना की जानकारी दी। उन्होंने पशुओं के बेहतर स्वास्थ्य और देखभाल के प्रति पशुपालकों को जागरूक किया।
मेले में 299 पशुओं का निःशुल्क उपचार कर दवाएं वितरित की गईं। पशुपालकों को कृमिनाशक दवाएं और पोषक तत्व भी उपलब्ध कराए गए। इसके साथ ही प्राथमिक चिकित्सा, शल्य चिकित्सा, बांझपन उपचार और कृत्रिम गर्भाधान की सुविधाएं निःशुल्क दी गईं।
इस दौरान फार्मासिस्ट ओम प्रकाश, पशुधन प्रसार अधिकारी छोटन सिंह, पैरावेट संगेश सिंह, आशुतोष सिंह, सुनील कुशवाहा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *