कंधे पर तीसरा स्टार, इंस्पेक्टर बने अशफाक अहमद

0Shares

सीओ गौरव सिंह और प्रभारी निरीक्षक राहुल सिंह ने स्टार लगाकर दी बधाई।

 

सलेमपुर (देवरिया)। सलेमपुर कोतवाली में तैनात वरिष्ठ उपनिरीक्षक (एसएसआई) अशफाक अहमद को पदोन्नति देकर इंस्पेक्टर बनाया गया है। बुधवार की शाम पुलिस अधीक्षक के आदेश के क्रम में क्षेत्राधिकारी गौरव सिंह और प्रभारी निरीक्षक राहुल कुमार सिंह ने पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में उनके कंधे पर तीसरा स्टार लगाकर उन्हें बधाई दी। पदोन्नति के बाद उनकी जिम्मेदारियां भी बढ़ गई हैं। इस उपलब्धि से पुलिस महकमे में खुशी का माहौल है।
अशफाक अहमद का पुलिस सेवा में लंबा अनुभव रहा है। उन्होंने वर्ष 1997 में पुलिस विभाग में अपनी सेवा शुरू की थी। इसके बाद वर्ष 2013 में उपनिरीक्षक की परीक्षा उत्तीर्ण कर दरोगा बने। उपनिरीक्षक के रूप में उनकी पहली तैनाती अंबेडकर नगर जनपद में हुई। इसके बाद उन्होंने प्रतापगढ़ जनपद में भी लंबे समय तक सेवाएं दीं।
पुलिस सेवा के दौरान अशफाक अहमद ने राजधानी लखनऊ के कई महत्वपूर्ण थानों में भी अपनी जिम्मेदारियां निभाईं। वरिष्ठ उपनिरीक्षक के पद पर रहते हुए उन्होंने ठाकुरगंज, वजीरगंज, गाजीपुर और हजरतगंज सहित विभिन्न थानों में कार्य किया। लंबे समय तक लखनऊ में तैनाती के बाद अप्रैल माह में उनका स्थानांतरण देवरिया जनपद की सलेमपुर कोतवाली में हुआ, जहां वह वरिष्ठ उपनिरीक्षक के पद पर कार्यरत थे।
बुधवार को पदोन्नति के बाद उन्हें इंस्पेक्टर पद की जिम्मेदारी सौंपी गई। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी गौरव सिंह ने अशफाक अहमद को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि वह अपनी नई जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और कर्तव्यपरायणता के साथ करेंगे। वहीं, प्रभारी निरीक्षक राहुल कुमार सिंह ने भी उनकी पदोन्नति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए शुभकामनाएं दीं।
इस मौके पर शमशेर यादव, मंजूलता वर्मा, राघवेंद्र सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मियों ने अशफाक अहमद को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। पुलिस सेवा में लंबे अनुभव के बाद मिली यह पदोन्नति उनके करियर का महत्वपूर्ण पड़ाव है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *