नगर पंचायत के ईओ पर कार्रवाई की तैयारी, निलंबन की संस्तुति

0Shares

18 बिंदुओं पर शिकायत के बाद गठित जांच समिति की रिपोर्ट पर प्रशासन ने उठाया कदम

रामपुर कारखाना (देवरिया)। रामपुर कारखाना नगर पंचायत में कथित भ्रष्टाचार और अनियमितताओं की शिकायत के मामले में अधिशासी अधिकारी (ईओ) रोहित कुमार पांडेय के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी शुरू हो गई है। जिलाधिकारी ने उनके निलंबन की संस्तुति की है। इस कार्रवाई की खबर से नगर पंचायत में हलचल मची हुई है।
जानकारी के अनुसार, नगर पंचायत के सभासदों ने अधिशासी अधिकारी के खिलाफ भ्रष्टाचार और विभिन्न कार्यों में अनियमितता का आरोप लगाते हुए 18 बिंदुओं पर शिकायत की थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने मामले की जांच के लिए त्रिस्तरीय जांच समिति गठित की थी। समिति ने विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर अपनी रिपोर्ट अधिकारियों को सौंपी। जांच रिपोर्ट के आधार पर जिलाधिकारी ने ईओ के निलंबन की संस्तुति की है।
सभासदों ने टेंडर प्रक्रिया से लेकर नगर पंचायत में कराए गए निर्माण कार्यों तक में गड़बड़ी के गंभीर आरोप लगाए थे। शिकायतों की जांच के बाद प्रशासन की ओर से की गई इस कार्रवाई को नगर पंचायत के कामकाज के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
दो नगर पंचायतों का संभाल रहे थे कार्यभार
रोहित कुमार पांडेय रामपुर कारखाना नगर पंचायत के साथ भटनी आदर्श नगर पंचायत का कार्यभार भी संभाल रहे थे। ऐसे में उनके खिलाफ निलंबन की संस्तुति के बाद दोनों नगर पंचायतों में प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
हालांकि, निलंबन के संबंध में अंतिम आदेश जारी होने की स्थिति की आधिकारिक पुष्टि होने के बाद ही आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *