समयसीमा में काम पूरा नहीं हुआ तो निलंबन की चेतावनी
देवरिया । जिले में सेतु निगम की ओर से कराए जा रहे निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने कड़ी नाराजगी जताई है। बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित अपने कार्यकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने अधिशासी अभियंता, सेतु निगम को प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि कार्यप्रणाली में सुधार नहीं हुआ तो निलंबन की कार्रवाई भी की जाएगी।
डीएम ने रेलवे ओवरब्रिज भटनी समेत जिले में चल रही सेतु निगम की सभी 10 निर्माण परियोजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की। इस दौरान कई परियोजनाओं में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर उन्होंने अधिकारियों को फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनसामान्य की सुविधा और आवागमन से जुड़े महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
समीक्षा में भदिला अव्वल में सेतु पहुंच मार्ग (31.31 करोड़), कंचनपुर-बघौचघाट में सेतु मार्ग (23.96 करोड़), नवलपुर-मझौली पीपा पुल के स्थान पर सेतु निर्माण (36.67 करोड़), देवरिया-कसया मार्ग पर ओवरब्रिज (15.03 करोड़), भीखमपुर मार्ग पर ऊपरीगामी सेतु (72.03 करोड़), भरहे चौरा में छोटी गंडक नदी पर पुल (24.99 करोड़), हेतिमपुर में नवीन सेतु (23.78 करोड़), रायबारी चखनी में खनुआ नदी पर पहुंच मार्ग व सुरक्षात्मक कार्य (15.83 करोड़), महुआपाटन-करौदी मार्ग पर सेतु (17.47 करोड़) तथा भटनी पूर्वी संपर्क मार्ग पर रेलवे ओवरब्रिज (38.13 करोड़) की प्रगति की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने सभी परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में तेजी लाने के साथ गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। बैठक में संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
