नकली खोये और मिलावटी मिठाइयों की बिक्री की आशंका से जनता परेशान, खाद्य सुरक्षा विभाग से कार्रवाई की मांग
रवीश पाण्डेय
सलेमपुर (देवरिया)।दीपावली का त्योहार नजदीक आते ही सलेमपुर बाजार में मिठाइयों की दुकानों पर रौनक बढ़ गई है। वहीं दूसरी ओर नकली खोये और मिलावटी मिठाइयों की बिक्री की आशंका ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। त्योहार की मिठास के बीच मिलावटखोरी का खतरा आम जनता की सेहत पर भारी पड़ सकता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि त्योहार के मौसम में मिठाइयों की मांग बढ़ने के साथ मिलावट की आशंका भी बढ़ जाती है। दूषित और मिलावटी मिठाइयों के सेवन से उल्टी, दस्त, पेट में संक्रमण और फूड पॉइजनिंग जैसी समस्याएं हो सकती हैं। इसके बावजूद बाजार में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच को लेकर विभागीय सक्रियता पर सवाल उठ रहे हैं।
लोगों का कहना है कि जब मिठाइयों की बिक्री सबसे अधिक होती है, तब खाद्य सुरक्षा विभाग को विशेष अभियान चलाकर दुकानों की जांच करनी चाहिए। खोये और मिठाइयों के नमूने लेकर प्रयोगशाला में जांच कराई जाए तथा मिलावट की पुष्टि होने पर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
आखिर सवाल यह है कि जनता की सेहत की जिम्मेदारी किसकी है? त्योहार के नाम पर यदि मिलावटखोरी होती है तो इसका खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ता है। अब देखना यह है कि खाद्य सुरक्षा विभाग सलेमपुर बाजार में कब औचक जांच अभियान चलाकर मिलावटखोरों पर शिकंजा कसता है।
