फेसबुक अकाउंट हैक कर मित्र के नाम पर की 30 हजार रुपये की ठगी

0Shares

सुरौली (देवरिया)। मित्र का फेसबुक अकाउंट हैक कर उसके नाम पर पैसे मांगने वाले साइबर ठग ने जद्दू परसिया निवासी अखिलेश कुशवाहा से 30 हजार रुपये की ठगी कर ली। मामले में सुरौली थाने की साइबर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ठगी की पूरी रकम पीड़ित को वापस करा दी।जानकारी के अनुसार, साइबर ठग ने पीड़ित के मित्र का फेसबुक अकाउंट हैक कर उसी के माध्यम से अखिलेश को संदेश भेजा और जरूरत बताकर 30 हजार रुपये मांगे। मित्र का संदेश समझकर अखिलेश ने बताई गई रकम भेज दी। बाद में वास्तविक मित्र से बातचीत होने पर ठगी की जानकारी हुई। इसके बाद पीड़ित ने राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देशन में सुरौली थाने की साइबर टीम ने कार्रवाई करते हुए संबंधित धनराशि होल्ड कराई। न्यायालय के आदेश और आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद पूरी 30 हजार रुपये की रकम पीड़ित के खाते में वापस करा दी गई। रकम वापस मिलने पर पीड़ित ने पुलिस टीम के प्रति आभार जताया।
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष अविनाश मौर्य, साइबर प्रभारी उपनिरीक्षक संतोष कुमार सिंह, कांस्टेबल इमरान अंसारी और महिला कांस्टेबल शालिनी मिश्रा शामिल रहीं।
देवरिया पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी परिचित के नाम से पैसे मांगने का संदेश मिलने पर पहले फोन कर पुष्टि करें। साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचना दें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *