खनन, आबकारी और राजस्व वसूली में तेजी लाएं

0Shares

अधिकारी, लक्ष्य पूरा नहीं होने पर होगी जवाबदेही : डीएम

देवरिया। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने कहा कि खनन, आबकारी और राजस्व वसूली से जुड़े विभाग निर्धारित लक्ष्य को समय से पूरा करें। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अवैध खनन और अवैध मदिरा के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के साथ ही गन्ना किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता से निस्तारण किया जाए।
गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में डीएम ने खनन, आबकारी, स्टाम्प, राजस्व वसूली एवं गन्ना विभाग के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष राजस्व प्राप्तियों की जानकारी लेते हुए शत-प्रतिशत वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कहा कि लंबित वसूली के मामलों को प्राथमिकता से निपटाते हुए राजस्व प्राप्तियों में तेजी लाई जाए।
खनन विभाग को अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन पर रोक लगाने के लिए नियमित जांच और छापेमारी करने को कहा। वहीं आबकारी विभाग को अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। स्टाम्प विभाग को राजस्व हानि रोकने और निर्धारित लक्ष्य पूरा करने के लिए प्रभावी निगरानी रखने को कहा।
गन्ना विभाग की समीक्षा के दौरान डीएम ने किसानों के गन्ना मूल्य भुगतान की स्थिति जानी। उन्होंने निर्देश दिया कि किसानों को समय से भुगतान कराया जाए और उनकी शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हो। किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
डीएम ने सभी अधिकारियों को शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ काम करने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े मामलों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व पंकज प्रकाश राठौर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *