डीआईजी एस. चनप्पा ने की समीक्षा बैठक, बाजारों और संवेदनशील क्षेत्रों में बढ़ेगी पुलिस गश्त
देवरिया। आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए गुरुवार को पुलिस लाइन स्थित मनोरंजन कक्ष में डीआईजी गोरखपुर परिक्षेत्र एस. चनप्पा ने पुलिस अधिकारियों के साथ गोष्ठी की। उन्होंने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए।
डीआईजी ने कहा कि त्योहारों के दौरान बाजारों, भीड़भाड़ वाले स्थानों और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की प्रभावी गश्त सुनिश्चित की जाए। यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के साथ ही स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार पुलिस बल की तैनाती की जाए, ताकि आमजन को आवागमन में परेशानी न हो। उन्होंने छोटी से छोटी सूचना को गंभीरता से लेते हुए समयबद्ध कार्रवाई करने और किसी भी स्थिति में शांति व्यवस्था प्रभावित न होने देने की हिदायत दी।
उन्होंने स्थानीय नागरिकों और आयोजकों से निरंतर संवाद बनाए रखने तथा आमजन में सुरक्षा का विश्वास कायम करने पर जोर दिया। पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर ने संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में तैयारियां पूरी कर निर्देशों का कड़ाई से पालन कराने को कहा।
गोष्ठी में अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आनन्द कुमार पाण्डेय, अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी सुनील कुमार सिंह सहित सभी क्षेत्राधिकारी मौजूद रहे। वहीं, जिले के सभी थाना प्रभारी गूगल मीट के माध्यम से जुड़े।
