भोजन के दौरान बिगड़ी तबीयत, उपचार के दौरान आरक्षी की मौत

0Shares

 

पुलिस लाइन में शोक सलामी के साथ दी गई अंतिम विदाई, एसपी ने परिजनों को बंधाया ढांढस

देवरिया। पुलिस कार्यालय देवरिया में तैनात आरक्षी आदित्य राम श्रीवास्तव का सोमवार रात आकस्मिक निधन हो गया। मंगलवार को पुलिस लाइन स्थित शहीद स्मारक पर शोक सभा आयोजित कर उन्हें शोक सलामी के साथ भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। पुलिस अधीक्षक ने दिवंगत आरक्षी के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान साथी पुलिसकर्मियों की आंखें नम हो गईं।
जानकारी के अनुसार, गोंडा जनपद के निवासी आरक्षी आदित्य राम श्रीवास्तव वर्तमान में पुलिस कार्यालय स्थित क्षेत्राधिकारी कार्यालय में तैनात थे। पांच अक्टूबर की रात करीब आठ बजे भोजन करने के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन और सहकर्मी उन्हें उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज देवरिया ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनके असामयिक निधन से पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई।
श्रद्धांजलि सभा के बाद पुलिस अधीक्षक ने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और हरसंभव संवेदना व्यक्त की। इस दौरान क्षेत्राधिकारी यातायात सत्येंद्र राय, क्षेत्राधिकारी नगर संजय कुमार रेड्डी, प्रतिसार निरीक्षक प्रवीण सिंह समेत पुलिस विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *