
कांग्रेस से टिकट की मांग, पार्टी ने भरोसा जताया तो जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने का करेंगे प्रयास
सलेमपुर (देवरिया)। 341 सुरक्षित विधानसभा क्षेत्र सलेमपुर से कांग्रेस पार्टी के दावेदार एवं उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी अनुसूचित मोर्चा के प्रदेश सचिव दीनदयाल प्रसाद ने क्षेत्र के विकास को लेकर अपनी प्राथमिकताएं सामने रखीं। उन्होंने कहा कि सलेमपुर के नौजवान रोजगार की तलाश में दूसरे शहरों और दूरदराज के क्षेत्रों में पलायन करने को मजबूर हैं। वहीं, तकनीकी एवं उच्च शिक्षा के बेहतर संस्थान नहीं होने से विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए बाहर जाना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना, बड़े एवं तकनीकी शिक्षण संस्थानों की स्थापना के लिए प्रयास करना तथा स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाना उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके साथ ही विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित कराने और जनता को सड़क, बिजली, पानी सहित अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए भी काम किया जाएगा।
दीनदयाल प्रसाद ने कांग्रेस पार्टी से सलेमपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए टिकट की मांग करते हुए कहा कि यदि पार्टी नेतृत्व उन पर भरोसा जताता है तो वह जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने और उनके विश्वास के अनुरूप कार्य करने का पूरा प्रयास करेंगे।
