
भटनी (देवरिया)। धनतेरस पर्व पर भटनी नगर का बाजार पूरी तरह गुलजार रहा। सुबह से ही बाजार में खरीदारों की चहल-पहल शुरू हो गई, जो देर शाम तक जारी रही। नगर की दुकानों को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। बर्तन, सोने-चांदी के आभूषण, इलेक्ट्रॉनिक सामान, कपड़े, मिठाई और पूजन सामग्री की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ उमड़ी।
धनतेरस पर झाड़ू खरीदने की परंपरा का असर बाजार में साफ दिखाई दिया। बाजार में शायद ही कोई ऐसा व्यक्ति नजर आया जिसके हाथ में झाड़ू न हो। पुरुष हों या महिलाएं, हर किसी के हाथों में झाड़ू दिखाई दी। लोग अपनी पसंद के अनुसार झाड़ू खरीदते नजर आए। झाड़ू की दुकानों पर भी अच्छी खासी भीड़ लगी रही।
वहीं बर्तन की दुकानों पर भी लोगों ने जमकर खरीदारी की। मिट्टी के दीपक, लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां, झालर और दीपावली की सजावट के सामानों की भी खूब बिक्री हुई। परिवार के साथ बाजार पहुंचे लोगों में पर्व को लेकर खासा उत्साह दिखा। खरीदारों की भीड़ से दुकानदारों के चेहरे खिले रहे और पूरे नगर में त्योहार की रौनक छाई रही।
