
खुखुंदू (देवरिया)। दीपावली पर्व के मद्देनजर शुक्रवार को जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी और पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने खुखुंदू में संचालित पटाखों की दुकानों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने दुकानों में अग्निशमन उपकरणों, सुरक्षा मानकों और आपातकालीन व्यवस्थाओं की पड़ताल की।
डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी पटाखा दुकानों पर अग्नि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित कराए जाएं। दुकानों के आसपास आवागमन की व्यवस्था दुरुस्त रखने के साथ अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता भी अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि पटाखों की बिक्री निर्धारित नियमों के तहत ही होगी। सुरक्षा मानकों की अनदेखी और लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
