रंगोलियों ने मोहा मन

विद्यार्थियों ने रामायण के प्रसंगों का किया जीवंत मंचन
सलेमपुर (देवरिया)। दीपावली की पूर्व संध्या पर आरएल एकेडमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने भगवान श्रीराम के अयोध्या आगमन और राज्याभिषेक की मनोहारी झांकी प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। वहीं बच्चों की ओर से बनाई गई आकर्षक रंगोलियों ने विद्यालय परिसर को दीपोत्सव के रंगों से सजा दिया।
झांकी में विद्यार्थियों ने भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण, भरत और हनुमान सहित रामायण के विभिन्न पात्रों की भूमिका निभाई। पारंपरिक वेशभूषा और भावपूर्ण अभिनय के माध्यम से बच्चों ने श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा, त्याग और सुशासन का संदेश दिया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षिकाओं अंशु सिंह, ज्योति मद्धेशिया, आंचल वर्मा, साजिया, संध्या, विद्यावती और मिस पायल का विशेष योगदान रहा। शिक्षिकाओं के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने आकर्षक प्रस्तुतियां दीं।
विद्यालय के प्रबंधक संदीप कुमार श्रीवास्तव और प्रधानाचार्य संजय पांडेय ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, गौरवशाली परंपराओं और नैतिक मूल्यों से जुड़ने का अवसर मिलता है। भगवान श्रीराम का जीवन सत्य, त्याग, अनुशासन और कर्तव्यपालन की प्रेरणा देता है।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। पूरे परिसर में दीपावली का उत्साह और सांस्कृतिक उल्लास देखने को मिला।
