शहर के 26 स्थानों पर रखे जाएंगे डस्टबिन : राजीव जैन
सोनीपत। शहर को स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर बनाने के उद्देश्य से नगर निगम सोनीपत ने ठोस कचरा प्रबंधन को लेकर एक नई पहल की है। इसके तहत शहर के 26 प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर डस्टबिन स्थापित किए जाएंगे, ताकि नागरिकों को कचरा डालने की उचित सुविधा मिल सके और शहर में सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सके। इस योजना में उज्जीवन बैंक ने सहयोग करते हुए नगर निगम को डस्टबिन और कचरा संग्रहण रिक्शा उपलब्ध करवाए हैं। मेयर राजीव जैन ने बैंक प्रबंधन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शहर को स्वच्छ रखने के लिए सामाजिक संस्थाओं और निजी संस्थानों का सहयोग बेहद महत्वपूर्ण है। मेयर राजीव जैन ने बताया कि 1 अप्रैल से लागू ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों के तहत कचरे को चार श्रेणियों में अलग-अलग करना अनिवार्य है। इसके लिए गीले कचरे हेतु हरे, सूखे कचरे हेतु नीले, सैनिटरी कचरे हेतु लाल और विशेष देखभाल वाले कचरे हेतु काले डस्टबिन का इस्तेमाल किया जाएगा। शहरवासियों को अपने घरों और प्रतिष्ठानों से निकलने वाले कचरे को निर्धारित श्रेणियों के अनुसार अलग-अलग रखना चाहिए। कचरे का उचित पृथक्करण और संग्रहण वैज्ञानिक तरीके से कचरा प्रबंधन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि नगर निगम द्वारा रेलवे स्टेशन, नगर निगम कार्यालय, नंदवानी नगर, एटलस रोड, स्वर्ण जयंती पार्क, पुलिस लाइन में 2, डीसी कार्यालय में 2, डीसीआरयूएसटी में 2, ऑफिसर कॉलोनी में 5, खाटू श्याम मंदिर में 2, आईटीआई, तिरंगा चौक, सेक्टर-23 मार्केट में सार्वजनिक शौचालय के पास 2, कच्चे क्वार्टर में 2 तथा निगम पार्क में एक डस्टबिन स्थापित किया जाएगा। इस अवसर पर जॉइंट कमिश्नर मीतू धनखड़, मुख्य सफाई निरीक्षक सितेंद्र दहिया, राजन (बी.एम.), अमरजीत, अजीत, मनोज गुप्ता, प्राची जैन, नवीन, प्रिंस (सी.आर.एम.), दीपक सहित नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी एवं अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
