दीपावली से पहले शहर की सभी स्ट्रीट लाइटें होंगी दुरुस्त

0Shares

सोनीपत। दीपावली के त्योहार से पहले शहर में रोशनी की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम मेयर राजीव जैन ने नगर निगम कार्यालय में अधिकारियों और स्ट्रीट लाइटों के ठेकेदार की बैठक ली। शहर के विभिन्न क्षेत्रों से स्ट्रीट लाइटें खराब होने की लगातार मिल रही शिकायतों पर मेयर ने अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए दिन-रात काम करके दीपावली से पहले सभी लाइटें ठीक करने के निर्देश दिए। मेयर जैन ने कहा कि पुराने टेंडर की अवधि समाप्त होने से पहले ही नया टेंडर लगाया जाना चाहिए था, लेकिन समय रहते यह प्रक्रिया पूरी नहीं की गई। उन्होंने अधिकारियों को इस लापरवाही के लिए जवाबदेह ठहराते हुए निर्देश दिए कि नया टेंडर आवंटित होने तक मौजूदा ठेकेदार को मैनपावर बढ़ाकर शहर की सभी खराब स्ट्रीट लाइटें ठीक करवाने के निर्देश दिए जाएं। बैठक में कनिष्ठ अभियंता अनिल वलेचा, प्रदीप सिंह, सुरेंद्र, रमेश तथा ठेकेदार राजवीर मौजूद रहे। मेयर राजीव जैन ने कहा कि दीपावली रोशनी और खुशियों का त्योहार है। शहरवासियों को त्योहार के दौरान अंधेरे और आवागमन की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने अधिकारियों और ठेकेदारों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का प्राथमिकता से समाधान करें और इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *