औचक निरीक्षण, शिक्षा की गुणवत्ता और व्यवस्थाओं को परखा

0Shares

 

चहारदीवारी और शौचालय की खामियां मिलीं

बरहज (देवरिया)। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी के निर्देश पर शनिवार को बरहज विकासखंड के परिषदीय विद्यालयों का सघन औचक निरीक्षण किया गया। तहसील दिवस के अवसर पर चलाए गए इस अभियान में जनपद और विकासखंड स्तरीय अधिकारियों ने आवंटित विद्यालयों में पहुंचकर शिक्षा की गुणवत्ता, शिक्षकों की उपस्थिति और बुनियादी सुविधाओं की हकीकत परखी।
निरीक्षण के दौरान बच्चों के शैक्षिक स्तर, निःशुल्क पाठ्य पुस्तक वितरण, मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता, डिजिटल उपस्थिति, शिक्षक संदर्शिका के उपयोग और ऑपरेशन कायाकल्प के कार्यों की समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि निरीक्षण का उद्देश्य केवल कमियां निकालना नहीं, बल्कि शिक्षकों का उत्साहवर्धन कर शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाना भी है।
इसी क्रम में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. राम जियावन मौर्य ने प्राथमिक विद्यालय पैना पश्चिम, प्राथमिक विद्यालय पैना पूरब और उच्च प्राथमिक विद्यालय पैना पूरब का औचक निरीक्षण किया। प्राथमिक विद्यालय पैना पूरब में करीब 90 मीटर चहारदीवारी और मुख्य गेट नहीं होने की कमी सामने आई। शौचालय की मरम्मत के लिए जिला पंचायत राज अधिकारी से वार्ता कर शीघ्र समाधान कराने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा विद्यालय परिसर में उगी घास की सफाई कराने और बच्चों को नियमित रूप से निर्धारित गणवेश में विद्यालय आने के लिए प्रेरित करने को कहा गया। त्योहारों के चलते बच्चों की उपस्थिति कम मिलने पर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। निरीक्षण में मिली कमियों के आधार पर शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *