
मतदान के लिए किया जागरूक

रुद्रपुर (देवरिया)। तहसील रुद्रपुर के सभागार में शुक्रवार को जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी एवं पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने मतदाताओं को वोटर आईडी कार्ड वितरित किए। इस दौरान अधिकारियों ने युवाओं को मतदान के महत्व के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती में प्रत्येक मतदाता की अहम भूमिका होती है।
उन्होंने कहा कि सभी पात्र युवा मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य दर्ज कराएं और आगामी निर्वाचन में अपने मताधिकार का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें। साथ ही दूसरों को भी मतदान के प्रति जागरूक करने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए युवाओं की भागीदारी बेहद जरूरी है।
इस दौरान एसडीएम रुद्रपुर सहित तहसील के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
