
दीपावली से छठ तक पर्वों को प्रेम, सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाने का दिया संदेश
देवरिया । जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने जनपदवासियों को छोटी दीपावली, दीपावली, भाई दूज, गोवर्धन पूजा एवं छठ पर्व की हार्दिक बधाई देते हुए सभी के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की है। उन्होंने लोगों से त्योहारों को आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाने की अपील की।
जिलाधिकारी ने कहा कि दीपावली खुशियों और उल्लास का पर्व है, लेकिन उत्सव के दौरान सुरक्षा के प्रति लापरवाही भारी पड़ सकती है। पटाखे जलाते समय विशेष सावधानी बरतें और निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करें। बच्चों को पटाखे जलाते समय अकेला न छोड़ें तथा परिवार के सभी सदस्यों की सुरक्षा का ध्यान रखें।
उन्होंने कहा कि त्योहारों की खुशियां किसी भी अप्रिय घटना से प्रभावित न हों, इसके लिए प्रत्येक व्यक्ति को जिम्मेदारी और सतर्कता बरतनी चाहिए। जिलाधिकारी ने सभी जनपदवासियों से अपील की कि पर्वों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाकर सामाजिक एकता एवं भाईचारे की मिसाल पेश करें।
