निर्वाचन कार्यालय का डीएम ने किया निरीक्षण, अभिलेखों के रखरखाव पर दिया जोर

0Shares

 


देवरिया । जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने शनिवार को कलेक्ट्रेट स्थित जिला निर्वाचन कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न पटलों की कार्यप्रणाली परखी और संबंधित कर्मचारियों से उनके दायित्वों व कार्यों की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने निर्वाचन संबंधी पत्रावलियों और अभिलेखों का अवलोकन करते हुए उनके सुव्यवस्थित रखरखाव के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी फाइलें निर्धारित व्यवस्था के तहत रखी जाएं, ताकि जरूरत पड़ने पर अभिलेख तत्काल उपलब्ध हो सकें। कार्यालय में साफ-सफाई और कार्यस्थल को व्यवस्थित रखने पर भी विशेष जोर दिया।


जिलाधिकारी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्वाचन संबंधी कार्य पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और जिम्मेदारी से करने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि निर्वाचन कार्य संवेदनशील होते हैं, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए और पत्रावलियों व प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
इस दौरान एएसडीएम अखिलेश कुमार सहित निर्वाचन कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *