गोरखपुर में होगा देवरिया के युवाओं को टैबलेट वितरण कार्यक्रम

0Shares

 

डीएम ने प्रधानाचार्यों के साथ बैठक कर तैयारियां समय से पूरी करने के दिए निर्देश


देवरिया । स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के तहत देवरिया के युवाओं को टैबलेट वितरण के लिए कार्यक्रम गोरखपुर में आयोजित किया जाएगा। इसकी तैयारियों को लेकर गुरुवार को जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में शासकीय एवं अर्द्धशासकीय विद्यालयों के प्रधानाचार्यों के साथ बैठक हुई।
बैठक में डीएम ने संबंधित अधिकारियों और प्रधानाचार्यों को निर्देश दिया कि टैबलेट वितरण से जुड़ी सभी तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं। पात्र विद्यार्थियों का विवरण, आवश्यक अभिलेख और अन्य औपचारिकताएं निर्धारित समयसीमा में पूरी कराई जाएं, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उन्होंने विद्यालयों को विद्यार्थियों तक कार्यक्रम से संबंधित जानकारी समय से पहुंचाने और संस्थानों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने को कहा। डीएम ने कहा कि यह योजना युवाओं को डिजिटल शिक्षा से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। टैबलेट मिलने से विद्यार्थियों को ऑनलाइन अध्ययन सामग्री और शैक्षणिक संसाधनों तक आसानी से पहुंच मिलेगी, जिससे उनकी तकनीकी दक्षता भी बढ़ेगी।
बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी एवं विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *