पीयूष हजारिका ने किया डिब्रूगढ़ में सिंचाई विभाग के सम्मेलन कक्ष का उद्घाटन

0Shares

गुवाहाटी। असम के कृषि, सिंचाई एवं संसदीय कार्य मंत्री पीयूष हजारिका ने बुधवार को तिनसुकिया के माकुम में नवनिर्मित धान खरीद केंद्र और डिब्रूगढ़ में सिंचाई विभाग के नवनिर्मित सम्मेलन कक्ष का उद्घाटन किया। माकुम में विधायक बोलिन चेतिया और रूपेश गोवाला की उपस्थिति में खरीद केंद्र का शुभारंभ करते हुए मंत्री ने किसानों को बिचौलियों के शोषण से बचाने पर जोर दिया। उन्होंने 199 रुपये की अतिरिक्त सरकारी सहायता सहित धान का मूल्य 2,640 रुपये प्रति क्विंटल किए जाने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा का आभार जताया। तिनसुकिया कन्वेंशन सेंटर में कृषि और सिंचाई विभागों की समीक्षा बैठक में हजारिका ने किसान पंजीकरण की प्रक्रिया 15 जनवरी, 2027 तक पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला आयुक्त से कहा कि आरक्षित वनभूमि अथवा नामांतरण संबंधी समस्याओं के कारण कोई पात्र किसान वंचित न रहे। डिब्रूगढ़ में विधायक प्रशांत फुकन की उपस्थिति में डिब्रूगढ़-चाबुआ-लाहोवाल सिंचाई संमंडल के सम्मेलन कक्ष का उद्घाटन करने के बाद मंत्री ने जिला आयुक्त कार्यालय में समीक्षा बैठक की। जिले में लक्ष्य का 92.85 प्रतिशत किसान पंजीकरण पूरा होने पर संतोष जताते हुए उन्होंने शेष कार्य शीघ्र पूरा करने को कहा। मंत्री ने बताया कि कछार, डिमा हसाओ और कार्बी आंगलोंग में भूमि संबंधी समस्याओं से राज्य के 27 लाख पंजीकरण के लक्ष्य पर असर पड़ सकता है। अन्य जिलों को निर्धारित समयसीमा के भीतर प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए। हजारिका ने डिब्रूगढ़ के मोहपुवालीमरा गांव में एसओपीडी-जी योजना के तहत 20 हेक्टेयर कृषि भूमि के लिए विकसित मध्यम गहराई वाली नलकूप सिंचाई योजना का निरीक्षण भी किया। बोगीबील पुल के निकट प्रस्तावित मखाना खेती स्थल पर उन्होंने जलाशय की सफाई, गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराने और किसानों को वैज्ञानिक प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए। डिब्रूगढ़ के कार्यक्रमों में मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव एवं विधायक तरंग गोगोई तथा विधायक प्रशांत फुकन और चक्रधर गोगोई उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *