छठ महापर्व पर जनसंपर्क में जुटीं सपा नेत्री रंजना भारती

0Shares

गांव-गांव पहुंचकर महिलाओं और आमजन को दी शुभकामनाएं


सलेमपुर (देवरिया)। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर समाजवादी पार्टी की नेत्री रंजना भारती ने 341 सुरक्षित विधानसभा क्षेत्र सलेमपुर की जनता को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने विधानसभा क्षेत्र के दर्जनों गांवों का भ्रमण कर आम जनता और महिलाओं से मुलाकात की तथा छठ महापर्व की शुभकामनाएं देते हुए लोगों के सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

रंजना भारती की गांव-गांव में हो रही इस मुलाकात को आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों और जनसंपर्क अभियान से जोड़कर देखा जा रहा है। वह लंबे समय से सलेमपुर विधानसभा क्षेत्र में समाजवादी पार्टी से अपनी दावेदारी पेश करती रही हैं।

राजनीतिक पृष्ठभूमि पर नजर डालें तो वर्ष 2012 के विधानसभा चुनाव में रंजना भारती समाजवादी पार्टी से टिकट की प्रबल दावेदार मानी जा रही थीं, लेकिन स्थानीय राजनीतिक परिस्थितियों के चलते उन्हें उम्मीदवार नहीं बनाया गया। वर्ष 2017 में भी उन्हें टिकट नहीं मिला और भाजपा छोड़कर समाजवादी पार्टी में शामिल हुईं विजय लक्ष्मी गौतम को पार्टी ने अपना प्रत्याशी बनाया।

वहीं, वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में 341 सुरक्षित विधानसभा सीट गठबंधन के तहत सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के खाते में चली गई। सपा-सुभासपा गठबंधन ने मनबोध प्रसाद को उम्मीदवार बनाया, लेकिन गठबंधन को इस सीट पर हार का सामना करना पड़ा।

अब 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सलेमपुर की राजनीतिक सरगर्मियां धीरे-धीरे तेज होने लगी हैं। ऐसे में रंजना भारती की सक्रियता और गांव-गांव जनसंपर्क को उनकी आगामी चुनावी दावेदारी के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि, समाजवादी पार्टी की ओर से अभी उम्मीदवार को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।

अब सबकी निगाहें समाजवादी पार्टी के नेतृत्व पर टिकी हैं कि आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी 341 सुरक्षित विधानसभा क्षेत्र सलेमपुर से किसे अपना उम्मीदवार बनाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *