
सलेमपुर (देवरिया)। सलेमपुर से प्यासी जाने वाला मार्ग इन दिनों अपनी बदहाली को लेकर चर्चा में है। कुछ माह पूर्व मोहर भाई चौक पर सलेमपुर की विधायक एवं प्रदेश सरकार की राज्यमंत्री विजय लक्ष्मी गौतम तथा पूर्व सांसद रविंदर कुशवाहा ने विधिवत शिलान्यास कर सड़क निर्माण कार्य में तेजी लाने की बात कही थी। इसके बावजूद सड़क निर्माण कार्य अब तक पूरा नहीं हो सका है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, शिलान्यास के बाद सड़क पर कंकड़-पत्थर डालकर निर्माण कार्य शुरू तो किया गया, लेकिन काम की गति बेहद धीमी रही। वर्तमान स्थिति यह है कि सड़क पर जगह-जगह ईंट-पत्थर और गिट्टियां फैली हुई हैं। इससे राहगीरों को धूल-धक्कड़ और उबड़-खाबड़ रास्ते से होकर गुजरना पड़ रहा है।
इस मार्ग से प्रतिदिन दर्जनों गांवों के लोगों का आवागमन होता है। स्कूली बच्चों, दोपहिया वाहन चालकों, साइकिल सवारों और अन्य राहगीरों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है। सड़क पर बिखरे पत्थरों के कारण वाहन चालकों को दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। वहीं वाहनों के गुजरने से उड़ने वाली धूल लोगों के लिए अतिरिक्त परेशानी का कारण बन रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण की घोषणा और शिलान्यास के बाद लोगों को उम्मीद जगी थी कि जल्द ही आवागमन सुगम हो जाएगा, लेकिन निर्माण कार्य अधूरा रहने से उनकी उम्मीदों पर पानी फिरता नजर आ रहा है।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों का ध्यान आकृष्ट कराते हुए मांग की है कि सलेमपुर-प्यासी मार्ग का निर्माण कार्य जल्द से जल्द गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराया जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों को आवागमन की समस्या से निजात मिल सके।
