
डिस्ट्रिक्ट कॉन्टैक्ट सेंटर-1950 और निर्वाचन कार्यालय का किया निरीक्षण, समयबद्ध समाधान के दिए निर्देश
देवरिया । जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने शुक्रवार को डिस्ट्रिक्ट कॉन्टैक्ट सेंटर-1950 कक्ष और निर्वाचन कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं, मतदाताओं की शिकायतों तथा उनके निस्तारण की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिया कि डिस्ट्रिक्ट कॉन्टैक्ट सेंटर पर प्राप्त होने वाली निर्वाचन संबंधी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। शिकायतों के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन से जुड़े कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। इसलिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
डीएम ने निर्वाचन कार्यालय की कार्यप्रणाली को प्रभावी बनाए रखने के साथ ही सभी अभिलेखों और व्यवस्थाओं को अद्यतन रखने के निर्देश दिए, ताकि मतदाताओं को निर्वाचन संबंधी किसी भी कार्य में परेशानी का सामना न करना पड़े।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी प्रशासन प्रेम नारायण सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
