
देवरिया। कोतवाली पुलिस ने ई-रिक्शा का चार्जर चोरी करने की घटना का खुलासा करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी का ई-रिक्शा चार्जर भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, सिंधी मिल कॉलोनी निवासी मुन्ना वर्मा पुत्र सीताराम वर्मा ने 13 नवंबर को अपने ई-रिक्शा का चार्जर चोरी होने की शिकायत कोतवाली में दर्ज कराई थी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 802/2026 के तहत धारा 303(2) और 317(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सिंधी मिल कॉलोनी के पास से करन पटेल (20) पुत्र रामचंद्र पटेल निवासी जमुना सदर, सिंधी मिल कॉलोनी को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से चोरी का चार्जर बरामद हुआ। पुलिस गिरफ्तार आरोपित के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई में जुटी है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आनंद कुमार पाण्डेय के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी नगर संजय कुमार रेड्डी के पर्यवेक्षण में की गई। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक शशिभूषण राय, उपनिरीक्षक संजय कुमार पाल, महिला उपनिरीक्षक आकांक्षा और कांस्टेबल चांद साहब शामिल रहे।
