जांच में खुलासा, रामपुरवा पचलड़ी समिति पर खाद की किल्लत की शिकायत भ्रामक

0Shares

उपकेंद्र के माध्यम से किसानों को मिल रही खाद

स्टॉक में 25.63 मीट्रिक टन उर्वरक उपलब्ध

देवरिया । बी-पैक्स रामपुरवा पचलड़ी सहकारी समिति पर खाद की किल्लत और किसानों को उर्वरक नहीं मिलने की शिकायत को जांच में भ्रामक पाया गया है। सहकारिता विभाग के अधिकारियों की जांच में समिति के उपकेंद्र पर पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध होने की पुष्टि हुई है।
सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता के निर्देश पर 12 नवंबर को अपर जिला सहकारी अधिकारी रुद्रपुर सहित विभागीय अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच में सामने आया कि नदी पर पुल क्षतिग्रस्त होने और समिति भवन जर्जर होने के कारण कई वर्षों तक यहां उर्वरक कारोबार प्रभावित रहा। वर्तमान में पुल बन जाने के बावजूद समिति के मूल भवन की स्थिति ठीक नहीं होने से वहां नियमित रूप से खाद का वितरण संभव नहीं है।
इसके विकल्प के रूप में समिति ने अपनी मूल चौहद्दी से करीब दो किलोमीटर पहले ग्रामसभा परसौना में उपकेंद्र स्थापित किया है। इसी उपकेंद्र के माध्यम से समिति सचिव चौथी तिवारी किसानों को उर्वरक उपलब्ध करा रहे हैं।
विभागीय आंकड़ों के अनुसार, रबी अभियान में एक अक्टूबर को समिति को 10 मीट्रिक टन डीएपी आवंटित की गई थी, जिसका वितरण 129 किसानों को किया गया। इसके अलावा 39.907 मीट्रिक टन यूरिया का वितरण कर 216 किसानों को लाभान्वित किया गया। वर्तमान में समिति के पीओएस स्टॉक में 3.15 मीट्रिक टन एमओपी, 19.980 मीट्रिक टन यूरिया और 2.50 मीट्रिक टन एनपीकेएस उपलब्ध है।
सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता ने बताया कि जनपद में डीएपी की उपलब्धता के आधार पर समितियों को आवंटन किया जा रहा है। डीएपी की नई रैक प्राप्त होते ही रामपुरवा पचलड़ी समिति को भी नियमानुसार पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि किसानों को मांग के अनुरूप खाद मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *