अग्रसेन धाम कुंडली में सप्ताह भर चले भव्य गोवर्धन महोत्सव हुआ संपूर्ण

0Shares

कुंडली। अग्रसेन धाम, कुंडली में पिछले एक सप्ताह से चल रहे भव्य गोवर्धन महोत्सव पूरे धार्मिक उल्लास और श्रद्धा के साथ सम्पूर्ण हुआ । समापन समारोह के अवसर पर सैकड़ों श्रद्धालुओं ने गिरिराज महाराज की विशेष पूजा-अर्चना और महाआरती में भाग लेकर सुख-समृद्धि का आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस भव्य आयोजन में दिल्ली के प्रमुख समाजसेवी बृजमोहन गोटे वाले, प्रेम गुप्ता और पंकज नीतू बेरलिया , पूर्व विधायक नीलधमन खत्री, अनिल गुप्ता, सतीश गोयल, वर्षा मंगला विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समारोह का सफल समापन दिल्ली की प्रमुख सामाजिक एवं धार्मिक संस्था ‘पहाड़ी वाली माता’ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों—विशेष रूप से श्री अनिल गोयल, श्री योगेश एवं उनकी पूरी टीम के सहयोग से किया गया। संपूर्ण भंडारा एवं पूजा समाजसेवी पंकज नीतू बेरलिया के सौजन्य सहयोग से की गई। महोत्सव के समापन पर अग्रसेन धाम के संस्थापक अध्यक्ष राजेंद्र अग्रवाल ने सभी श्रद्धालुओं, अतिथियों और ट्रस्टियों का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि गोवर्धन पर्व से आरंभ होने वाला यह साप्ताहिक महोत्सव प्रतिवर्ष श्रद्धालुओं की आस्था का एक प्रमुख केंद्र बनता जा रहा है। पिछले छह वर्षों से निरंतर आयोजित हो रहे इस उत्सव को हर वर्ष और अधिक भव्य एवं दिव्य बनाने का प्रयास किया जाता है। अग्रवाल ने घोषणा की कि अगले वर्ष भक्तों को गिरिराज के और भी विराट एवं अलौकिक स्वरूप के दर्शन करने का सौभाग्य प्राप्त होगा।
समारोह की विशेषताओं पर प्रकाश डालते हुए संस्था के उपाध्यक्ष अतुल सिंघल ने बताया कि इस वर्ष पर्यावरण संरक्षण और गौ-सेवा का संदेश देते हुए गाय के 7100 किलो शुद्ध गोबर का उपयोग करके 41 फुट लंबे गिरिराज जी के भव्य स्वरूप का निर्माण किया गया था, जो पूरे क्षेत्र में आकर्षण का मुख्य केंद्र रहा। गिरिराज महाराज के दर्शन करने वालों में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, विधायक अशोक गोयल देवराहा, राजेंद्र गोयल (कत्थे वाले), सोनीपत के महापौर राजीव जैन तथा देश के प्रसिद्ध भजन गायक कन्हैया मित्तल, समाज सेवी सेठ भामाशाह सुरेश गर्ग, वीरेन्द्र बंसल, प्रमोद जिंदल , अनिल गोयल प्रमुख रूप से शामिल रहे, जिन्होंने गिरिराज महाराज के चरणों में शीश नवाकर आशीर्वाद लिया। महोत्सव के अंत में सभी उपस्थित श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे और प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *