चयनित विद्यार्थियों के अभिलेखों का सत्यापन समय से कराने और कार्यक्रम में सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर
देवरिया । स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के तहत 20 नवंबर को गोरखपुर के चंपा देवी पार्क (रामगढ़ ताल के बगल में) में टैबलेट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें देवरिया के चयनित विद्यार्थी भी शामिल होंगे। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में शासकीय एवं अर्द्धशासकीय विद्यालयों के प्रधानाचार्यों और संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की।
बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि टैबलेट वितरण के लिए चयनित पात्र विद्यार्थियों का विवरण और आवश्यक अभिलेखों का सत्यापन समय से पूरा कर लिया जाए। गोरखपुर जाने वाले विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के साथ ही जनपद में लाइव प्रसारण के माध्यम से कार्यक्रम से जुड़ने वाले विद्यार्थियों के लिए भी सभी जरूरी व्यवस्थाएं पहले से पूरी कर ली जाएं।
उन्होंने प्रधानाचार्यों को विद्यार्थियों के साथ समन्वय स्थापित करने और उन्हें कार्यक्रम से संबंधित आवश्यक जानकारी समय से उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, ताकि वितरण कार्यक्रम में किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
जिलाधिकारी ने कहा कि स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना विद्यार्थियों को डिजिटल संसाधनों से जोड़ने की महत्वपूर्ण पहल है। टैबलेट मिलने से विद्यार्थी ऑनलाइन अध्ययन सामग्री, शैक्षणिक संसाधनों और अन्य डिजिटल सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे। इससे उनकी पढ़ाई में तकनीक के बेहतर इस्तेमाल को बढ़ावा मिलेगा।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व पंकज प्रकाश राठौर, संबंधित विभागों के अधिकारी तथा विभिन्न शासकीय एवं अर्द्धशासकीय विद्यालयों के प्रधानाचार्य मौजूद रहे।
