सड़क हादसे में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत, परिजनों में मचा कोहराम

0Shares

सगड़ी (आजमगढ़)। रौनापार थाना क्षेत्र के निवासी सड़क दुर्घटना में घायल एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं, गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
मिली जानकारी के अनुसार, रौनापार थाना क्षेत्र के रौनापार, सुदनीपुर और भागीपुर निवासी छह युवक बीते शुक्रवार, 13 नवंबर को छठ पूजा का सामान खरीदने पिकअप वाहन से गोरखपुर गए थे। देर रात सामान खरीदकर सभी युवक फोरलेन के रास्ते घर लौट रहे थे। इसी दौरान हाटा बाजार और बड़हलगंज के बीच एक पेट्रोल पंप के पास सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से उनकी पिकअप पीछे से टकरा गई।
इस भीषण सड़क हादसे में 18 वर्षीय हर्ष पुत्र गुड्डू मद्धेशिया निवासी सुदनीपुर, रौनापार की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि मुलायम गुप्ता सहित अन्य युवक घायल हो गए थे। हादसे के बाद सभी घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया था, जहां उनका उपचार चल रहा था।
इसी क्रम में मंगलवार को इलाज के दौरान घायल मुलायम गुप्ता ने भी दम तोड़ दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एक ही हादसे में दो युवकों की मौत से क्षेत्र में शोक का माहौल है। वहीं, स्थानीय पुलिस आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *