समय से सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के दिए निर्देश, जोड़ों और परिजनों को नहीं होनी चाहिए परेशानी
देवरिया। कुशहरी महोत्सव के अंतर्गत आगामी 22 नवंबर को आयोजित होने वाले सामूहिक विवाह समारोह की तैयारियों को लेकर बुधवार को रामपुर कारखाना के विधायक सुरेंद्र चौरसिया ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला समाज कल्याण अधिकारी सुधीर पाण्डेय भी मौजूद रहे। विधायक ने कार्यक्रम स्थल का भ्रमण कर सामूहिक विवाह समारोह के सफल आयोजन के लिए की जा रही तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से व्यवस्थाओं के संबंध में विस्तार से चर्चा की।
विधायक ने कहा कि सामूहिक विवाह समारोह में शामिल होने वाले जोड़ों और उनके परिजनों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए। आयोजन से संबंधित सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी कर ली जाएं, ताकि कार्यक्रम सुव्यवस्थित एवं भव्य तरीके से संपन्न हो सके। उन्होंने किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
