निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने के दिए निर्देश
देवरिया । जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने बुधवार को ईवीएम/वीवीपैट वेयरहाउस और निर्वाचन कार्यालय का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं रखरखाव से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने वेयरहाउस में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, सुरक्षा उपकरणों और परिसर की साफ-सफाई का बारीकी से निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था और नियमित निगरानी के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि भारत निर्वाचन आयोग की ओर से निर्धारित दिशा-निर्देशों एवं सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जाए। ईवीएम और वीवीपैट की सुरक्षा एवं रखरखाव में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने सीसीटीवी कैमरों और अन्य सुरक्षा उपकरणों को हमेशा क्रियाशील रखने तथा परिसर की साफ-सफाई सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बनाए रखने पर भी जोर दिया।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी प्रशासन प्रेम नारायण सिंह सहित निर्वाचन कार्यालय के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
