नए पेंशन आवेदनों के साथ वृद्धावस्था, दिव्यांग और निराश्रित महिला पेंशन से जुड़ी समस्याओं का हुआ समाधान
बरहज (देवरिया)। तहसील सभागार बरहज में गुरुवार को पेंशन स्वीकृति प्रमाण-पत्र वितरण एवं जनसमस्या निस्तारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में वृद्धजनों, दिव्यांगजनों और निराश्रित महिलाओं को विभिन्न पेंशन एवं छात्रवृत्ति योजनाओं के स्वीकृति प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। साथ ही पेंशन से वंचित पात्र लोगों के आवेदन कराकर उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि नगर पालिका परिषद बरहज की अध्यक्ष श्वेता जायसवाल एवं बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष सावित्री राय रहीं। विशिष्ट अतिथि भाजपा के जिला महामंत्री अमित कुमार जायसवाल उपस्थित रहे। जिला समाज कल्याण अधिकारी (विकास) राम जनम ने अतिथियों का स्वागत किया।
शिविर में निराश्रित महिला पेंशन योजना के 16, अन्य पिछड़ा वर्ग छात्रवृत्ति योजना के 11 तथा राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के 23 लाभार्थियों को स्वीकृति प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। इस प्रकार कुल 50 पेंशन एवं छात्रवृत्ति लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।
इस दौरान अमित कुमार जायसवाल ने कहा कि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाना प्राथमिकता है। एक ही स्थान पर पेंशन से संबंधित आवेदन और समस्याओं का समाधान होने से लोगों को कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। उन्होंने गांवों और मोहल्लों में योजनाओं का प्रचार-प्रसार कर पात्र लोगों को जागरूक करने की अपील की।
शिविर में विभिन्न विभागों से कुल 128 प्रकरण प्राप्त हुए। इनमें समाज कल्याण विभाग के 85 मामलों में छह नए आवेदन कराए गए और 79 का मौके पर निस्तारण किया गया। दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के 21 मामलों में दो नए पेंशन आवेदन कराए गए तथा 19 का निस्तारण हुआ। वहीं जिला प्रोबेशन कार्यालय के 22 मामलों में एक नया पेंशन आवेदन कराया गया और 21 मामलों का समाधान किया गया।
इस प्रकार शिविर में कुल नौ नए पेंशन आवेदन कराए गए, जबकि 119 प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शिविर के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने के साथ ही उनकी समस्याओं के समाधान की पहल की गई।
