
देशव्यापी “हर घर त्रिरंगा” कार्यक्रम के तहत आज रविवार से स्थानीय स्तर पर भी कार्यक्रमों की श्रृंखला का शुभारम्भ असम के तीनसुकिया ज़िले में किया गया। ज़िला प्रशासन द्वारा आयोजित स्कूटी रैली का फ़्लैग-ऑफ़ तीनसुकिया विधा सभा से विधायक पुलक गोहाई ने किया। रैली में असम राज्य ग्रामीण आजीविका अभियान (आत्म-रोज़गार) की जीविका सखी महिलाएँ भी सक्रिय रूप से शामिल थीं।कार्यक्रम की प्राक्-शुरुआत में उपस्थित सभी लोगों ने 150 साल पूरा करने वाली राष्ट्रगान “वन्दे मातरम्” का सामूहिक गायन कर इस ऐतिहासिक अवसर को स्मरणीय बनाया। आयोजन में विधायक पुलक गोहाई के साथ ज़िला परिषद की उपाध्यक्ष चित्रलेखा दुबरा सोना, ज़िला विकास आयुक्त जावेद अरमान तथा ज़िला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, आशा कार्यकर्ता, स्व-सहायता समूह के सदस्य व ज्ञानांकुश आवासीय विद्यालय के छात्र-छात्राएँ भी उपस्थित थे।जानकारी के अनुसार, आज 9 अगस्त से 17 अगस्त तक “हर घर त्रिरंगा” अभियान के तहत ज़िला एवं उप-ज़िला स्तर पर कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में तिरंगा रैलियाँ, पदयात्राएँ, तिरंगा प्रदर्शनियाँ शामिल हैं। इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों के लिए क्विज़, चित्रांकन प्रतियोगिताएँ और देशभक्ति गीत-नृत्य जैसे सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे, ताकि युवा पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति की भावना को और प्रबल किया जा सके। ज़िला प्रशासन का उद्देश्य स्थानीय समुदायों को स्वतंत्रता दिवस से पूर्व तिरंगे के महत्व के प्रति जागरूक करना और हर घर तक तिरंगा पहुँचाने में लोगों को प्रेरित करना बताया गया है। कार्यक्रमों के दौरान सामाजिक दूरी व सुरक्षा निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने पर भी ज़ोर दिया गया है।
-पंकज नाथ, असम।
