महाविद्यालय का 54वां स्थापना दिवस एवं हिन्दी दिवस मनाया गया

0Shares

भुड़कुड़ा (गाजीपुर)। श्री महंथ रामाश्रयदास स्नातकोत्तर महाविद्यालय भुड़कुड़ा गाजीपुर का 54वां स्थापना दिवस एवं हिन्दी दिवस रामकरन सिंह रंगशाला में मनाया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय की छात्रा मनीषा यादव, वंदना गौंड, अदिति, निशा यादव तथा शालू यादव ने सरस्वती वन्दना एवम् कुलगीत प्रस्तुत किया। वक्ताओं ने विद्यार्थियों के साथ मातृ भाषा हिन्दी में संवाद करते हुए उनके भीतर आत्मविश्वास का संचार करने का प्रयास किया। निश्चित रूप से यह महाविद्यालय ग्रामीण परिवेश में उच्चशिक्षा का केन्द्र बना हुआ है। प्राचार्य के तौर पर अपने सम्बोधन में प्रो.रमेश कुमार ने कहा कि यह विद्यालय संतो की तपोभूमि पर मठ द्वारा स्थापित है। इसके संस्थापक प्राचार्य डॉ इन्द्रदेव के दूरदर्शी नेतृत्व में मुझे अपने अध्यापकीय जीवन को प्रारंभ करने का अवसर मिला। आज जिस उम्मीद और भरोसे के साथ मुझे प्राचार्य के रूप में कार्य करने का दायित्व मिला है उसके अनुरूप महाविद्यालय की गरिमा को अक्षुण्य रखते हुए मैं कार्य करने के लिए संकल्पित हूं। विद्यार्थियों की घटती हुई संख्या वर्तमान में हमारे लिए सबसे बड़ी चुनौती है। इसके लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य करते हुए अगर गांवों में प्रवास भी करना पड़ा तो किया जाएगा। विद्यार्थियों की समस्याओं का समाधान हमारी शीर्ष प्राथमिकता होगी। अगर किसी कारणवश विद्यार्थियों का परीक्षा परिणाम बाधित हुआ है तो विश्वविद्यालय पटल से उसका त्वरित निस्तारण कराने का प्रयास किया जाएगा। हमें गर्व है कि एक समृद्ध परंपरा के हम वाहक हैं। मुझे पूर्ण विश्वास है कि नई पीढ़ी के विद्वान शिक्षकों एवम् क्षेत्र के सहयोग से महाविद्यालय के गौरव को पुनर्स्थापित करने में हम सफल होंगे। इस अवसर पर महाविद्यालय के सभी शिक्षकगण एवम् कर्मचारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *