जहरीले सांप के डसने से दुधारू गाय की मौत, आर्थिक मुआवजे की मांग

0Shares

चन्दौली ब्यूरो। इलिया कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सभा खोजापुर में शनिवार की रात जहरीले सांप के डसने से एक दुधारू गाय की मौत हो गई। गाय की मौत से पशुपालक परिवार के सामने जीविकोपार्जन का संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीणों ने तहसील प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक मुआवजा दिए जाने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार खोजापुर गांव निवासी पानकुवरी देवी पत्नी राधाकृष्ण ने शनिवार की शाम करीब चार बजे रोज की तरह अपनी दुधारू गाय को चारा खिलाकर और पानी पिलाने के बाद घर के बगल स्थित गौशाला में बांध दिया था। बताया गया कि रात करीब 7:30 बजे किसी जहरीले जंतु ने गाय को डस लिया।
करीब एक घंटे बाद रात 8:30 बजे परिवार के सदस्य गौशाला में पहुंचे तो गाय के मुंह से झाग निकल रहा था। परिजनों को आशंका हुई कि किसी जहरीले सांप ने गाय को डस लिया है। तत्काल चिकित्सक को बुलाकर गाय का उपचार कराने का प्रयास किया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलने पर शहाबगंज के पशु चिकित्साधिकारी मौके पर पहुंचे और मृत गाय का पोस्टमार्टम किया।
बताया जाता है कि यह गाय परिवार के जीविकोपार्जन का एकमात्र सहारा थी। गाय की मौत के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है।
ग्रामीणों ने तहसील प्रशासन से पीड़ित पशुपालक पानकुआर देवी को आर्थिक सहायता/मुआवजा दिलाए जाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *