गाज़ीपुर। संचारी रोग नियंत्रण अभियान को प्रभावी बनाने के लिए बुधवार को बीआरसी सभागार सादात में परिषदीय विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों की बैठक हुई। बैठक में स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी सुबास यादव व एआरपी रमेश कुमार राय ने अभियान के तहत विद्यालयों में चलाए जाने वाले जागरूकता कार्यक्रमों की जानकारी दी। स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी ने प्रधानाध्यापकों से विद्यालय परिसर और आसपास साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के साथ ही विद्यार्थियों को संचारी रोगों से बचाव के उपायों की जानकारी देने को कहा। उन्होंने नियमित हाथ धोने, स्वच्छ पेयजल के इस्तेमाल, जलभराव रोकने तथा मच्छरों से बचाव के प्रति बच्चों और अभिभावकों को जागरूक करने पर जोर दिया। एआरपी ने कहा कि संचारी रोगों की रोकथाम में विद्यालयों की भूमिका महत्वपूर्ण है। शिक्षक बच्चों को जागरूक कर उनके माध्यम से परिवार और समाज तक स्वच्छता एवं स्वास्थ्य संबंधी संदेश पहुंचा सकते हैं। उन्होंने अभियान से संबंधित गतिविधियों को विद्यालय स्तर पर प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। बैठक में शिक्षा क्षेत्र के परिषदीय विद्यालयों के प्रधानाध्यापक ,राजबहादुर सिंह, राजन सन्तोष सिंह,पंकज यादव आदि मौजूद रहे।
