समय रहते रास्ता सुरक्षित नहीं हुआ तो बढ़ सकता है विवाद, ग्रामीणों ने डीएम से की कार्रवाई की मांग।
भटनी (देवरिया)। भटनी विकास खंड के ग्राम पंचायत घाटी की दलित बस्ती से देई माता मंदिर को जाने वाली सड़क इन दिनों अतिक्रमण की चपेट में है। सड़क पर नालियों का गंदा पानी बहाए जाने से श्रद्धालुओं और ग्रामीणों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ लोगों द्वारा सड़क पर अवैध कब्जा कर नाली का पानी बहाया जा रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार घाटी पुलिस चौकी से हरिजन बस्ती होते हुए देई माता मंदिर तक जाने वाली यह सड़क पहले से करीब 10 कड़ी चौड़ी खड़ंजा सड़क है। इस मार्ग से प्रतिदिन दर्जनों ग्रामीण और श्रद्धालु मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए आते-जाते हैं। सड़क पर अतिक्रमण और गंदे पानी के बहाव के कारण लोगों को रास्ते से गुजरने में कठिनाई हो रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि कुछ व्यक्तियों द्वारा मंदिर जाने वाले रास्ते को रोकने और अतिक्रमण करने का प्रयास किया जा रहा है। यदि समय रहते रास्ते को सुरक्षित नहीं कराया गया तो भविष्य में विवाद की स्थिति उत्पन्न हो सकती है और धार्मिक स्थल तक श्रद्धालुओं का आवागमन बाधित हो सकता है।
इस संबंध में ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को पत्र देकर मामले का संज्ञान लेने की मांग की है। ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देकर सड़क से अतिक्रमण हटवाने तथा अतिक्रमण करने वाले लोगों के विरुद्ध कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
