बरहज (देवरिया)। स्वर्गीय मोहन सिंह की 14वीं पुण्यतिथि पर मंगलवार को बरहज में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री एवं समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवपाल यादव रहे। इस दौरान उपस्थित लोगों ने मोहन सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके व्यक्तित्व एवं सामाजिक योगदान को याद किया।
वक्ताओं ने कहा कि मोहन सिंह समाजवादी आंदोलन की बुलंद आवाज थे। इलाहाबाद विश्वविद्यालय छात्रसंघ अध्यक्ष से लेकर उत्तर प्रदेश विधानसभा, विधान परिषद, लोकसभा और राज्यसभा तक उन्होंने अपनी प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई। उनकी आवाज में पूर्वांचल के दर्द, जनमानस की आकांक्षा और लोकतंत्र के प्रति प्रतिबद्धता झलकती थी। राष्ट्रपति द्वारा ‘सर्वश्रेष्ठ सांसद’ सम्मान से सम्मानित मोहन सिंह को गंभीर अध्येता, लेखक और समाजवादी आंदोलन के महत्वपूर्ण व्यक्तित्व के रूप में याद किया गया।
श्रद्धांजलि सभा में समाजवादी पार्टी अल्पसंख्यक सभा उत्तर प्रदेश के प्रदेश सचिव आजम साहब समेत क्षेत्र के कई लोग उपस्थित रहे। वक्ताओं ने कहा कि स्वर्गीय मोहन सिंह ने समाज के प्रति समर्पण और सेवा की भावना से कार्य किया। उनके विचार और सामाजिक योगदान लोगों को हमेशा प्रेरणा देते रहेंगे। इस अवसर पर बड़ी संख्या में लोगों ने उपस्थित होकर श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
