देवरिया। जनता दर्शन में ग्राम कतरारी छेरिहवा निवासी रीता देवी ने अपनी जमीन में फर्जीवाड़ा कर बैनामा और नामांतरण कराने की शिकायत जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी से की। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी मंगलवार को राजस्व अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे और स्थलीय निरीक्षण किया।
उन्होंने प्रकरण से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की जानकारी लेने के साथ ही राजस्व अभिलेखों का परीक्षण कराया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सभी पक्षों को सुनने और नियमानुसार कार्रवाई करते हुए मामले का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भूमि संबंधी मामलों में पूरी गंभीरता बरती जाए और पीड़ित को नियमानुसार न्याय दिलाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
डीएम के मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कराने की पहल से लोगों ने सराहना की। इस दौरान नायब तहसीलदार शिवेंद्र कौंडिल्य समेत राजस्व विभाग के कानूनगो, लेखपाल व अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
